चाकुलिया: बैंक से करीब पांच करोड़ रुपये का ऋण लेने के बाद भुगतान नहीं करने पर इंडियन बैंक ने बाबू भाई मेटल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को रांची से पहुंची बैंक अधिकारियों की टीम ने चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के जामडोल स्थित कंपनी परिसर को खाली कराकर सील कर दिया। बैंक की ओर से कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने को कहा गया था, लेकिन भुगतान नहीं होने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति पर कब्जा लिया गया।


जानकारी के अनुसार, कंपनी के मालिक ने करीब दो एकड़ जमीन गिरवी रखकर बैंक से पांच करोड़ रुपये का ऋण लिया था। लंबे समय से ऋण की किस्तों और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी नवीन पूर्ति और एसआइ अजीत कुमार भी बैंक अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
बताया गया कि बाबू भाई मेटल प्राइवेट लिमिटेड वर्ष 2017-18 से बंद पड़ी थी। हालांकि, कंपनी परिसर के भवन में कुछ कर्मचारी रह रहे थे। बैंक अधिकारियों ने पहले उनसे भवन खाली कराया और फिर संपत्ति पर कब्जे की प्रक्रिया पूरी की। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इसके बाद कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार को सील कर बैंक के अधिकार से संबंधित सूचना वाला बैनर लगाया गया।
बैंक ने यह कार्रवाई सरफेसी एक्ट, 2002 के तहत की है। इस कानून के तहत सुरक्षित ऋण का भुगतान नहीं होने पर बैंक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गिरवी रखी संपत्ति पर कब्जा कर सकता है। जरूरत पड़ने पर बकाया राशि की वसूली के लिए संपत्ति की बिक्री या नीलामी भी की जा सकती है।

